एसएसबी और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 324 लीटर नेपाली शराब बरामद
अररिया 15 नवम्बर(हि.स.)।
एसएसबी की 56वीं वाहिनी के अंतर्गत सीमा चौकी फुलकाहा के जवानों ने बिहार उत्पाद विभाग के साथ बीती रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीमावर्ती क्षेत्र से भारी मात्रा में अवैध नेपाली शराब बरामद किया।
एसएसबी और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम को एक विशेष सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर, आई समवाय फुलकाहा क्षेत्र के अंतर्गत सीमा स्तंभ संख्या 187 से लगभग 2 किलोमीटर भारत की तरफ लक्ष्मीपुर गांव स्थित पटुवे के कचरे के नीचे संदिग्ध सामान छिपाकर रखे जाने की बात सामने आई।
त्वरित कार्रवाई करते हुए संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंच कर गहन छानबीन की,जहां पटुवे के कचरे के नीचे छिपाकर रखी गई नेपाली शराब की कुल 1,080 बोतल बरामद की गई।
सभी अवैध शराब को जब्त कर लिया गया। इस संयुक्त अभियान में एसएसबी के 04 कर्मियों और आबकारी विभाग के 03 कर्मियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। तस्करों की पहचान और जब्त सामग्री को उत्पाद विभाग, अररिया के सुपुर्द कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

