सिकटी पुलिस ने 293.1 लीटर नेपाली शराब के साथ दो तस्कर को किया गिरफ्तार, चार बाइक जब्त
अररिया 09 अगस्त(हि.स.)।
भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ सिकटी थाना पुलिस को शनिवार देर रात को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 293.1 लीटर नेपाली देशी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। जबकि दो अन्य तस्कर अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त चार मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई सीमा स्तंभ संख्या156 कुचहा से करीब डेढ़ किलोमीटर दक्षिण भारतीय क्षेत्र में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के नया बस्ती मुशरा वार्ड संख्या 11 निवासी 24 वर्षीय नजमी आलम तथा खर्रा वार्ड संख्या 11 निवासी 21 वर्षीय मुन्ना के रूप में हुई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दस प्लास्टिक के बोरों से कुल 977 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 293.1 लीटर है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही चार मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं।
थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि जब्त सभी शराब नेपाल से अवैध रूप से भारत लाई जा रही थी। मामले में फरार दो अन्य तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी देते हुए सिकटी थाना अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी हालत में शराब तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

