भारत-नेपाल सीमा के रेगनिया में संयुक्त कार्रवाई, नेपाली मुद्रा के साथ एक गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण,07 मई (हि.स.)। जिले के जितना थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा के रेगनिया पर पुलिस एवं सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त कार्रवाई में एक साइकिल सवार व्यक्ति को नेपाली करेंसी के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जितना थाना क्षेत्र के बिजबनी गांव निवासी कृष्ण देव राय, पिता स्वर्गीय गोरख राय के रूप में हुई है।छापेमारी के दौरान उसके पास से 2 लाख 50 हजार 5 सौ रुपये नेपाली करेंसी बरामद की गई। पुलिस द्वारा बरामद राशि के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, दीनानाथ सिंह, बीएचजी बब्लू राम तथा बीएचजी ब्रजकिशोर पांडे सहित अन्य जवान मौजूद थे।
उल्लेखनीय है,कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों द्वारा निगरानी और चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा पर संदिग्ध गतिविधियों, अवैध नेपाली मुद्रा कारोबार, तस्करी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए एसएसबी एवं स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से लगातार गश्ती अभियान चला रही है।
बताया गया है कि बॉर्डर के संवेदनशील इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। आने-जाने वाले लोगों एवं वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।हाल के दिनों में सीमा पर संयुक्त कार्रवाई के दौरान कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई है तथा अवैध नेपाली मुद्रा के साथ गिरफ्तारी भी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

