home page

सड़क किनारे मृत मिला नेपाली युवक, अधिक शराब से मौत की आशंका

 | 

शिमला, 05 मार्च (हि.स.)। शिमला जिला के जुब्बल क्षेत्र में होली के दिन एक व्यक्ति सड़क किनारे बेसुध हालत में मिला और बाद में उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक बुधवार को कुलदीप नाम के एक व्यक्ति ने थाना जुब्बल में सूचना दी कि गांव दोची में मुख्य सड़क के साथ एक आदमी अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई। सरस्वती नगर पुलिस पोस्ट के प्रभारी को भी मौके पर तस्दीक के लिए भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान मृतक की पहचान चंद्र बहादुर के रूप में हुई। वह नेपाल का रहने वाला था और वर्तमान में जुब्बल के गांव मिहाना में रह रहा था। वह स्थानीय निवासी दीपेंद्र के पास काम करता था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चंद्र बहादुर ने एक दिन पहले होली के मौके पर शराब का सेवन किया था। दिन के समय भी वह नशे में थे और रात में भी ठेके से शराब की बोतल खरीदी थी। पुलिस ने बताया कि मौके पर और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल में डॉक्टरों द्वारा किए गए निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट नहीं पाई गई।

डॉक्टरों की शुरुआती राय के अनुसार मौत अत्यधिक शराब पीने या गिरने की वजह से हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क किया है। परिवार के सदस्य इस समय चंडीगढ़ में रहते हैं और उन्होंने उनके पहुंचने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाने की बात कही है।

पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जुब्बल में कराया जाएगा। मौके पर मौजूद गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। इस मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा