home page

बहराइच : चोरी की बाइक से पटाखों की तस्करी, नेपाली युवक गिरफ्तार

 | 
बहराइच : चोरी की बाइक से पटाखों की तस्करी, नेपाली युवक गिरफ्तार


बहराइच, 20 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में दीपावली से पहले भारत-नेपाल सीमा पर अवैध पटाखों के भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रुपईडीहा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने मंगलवार को चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल से पटाखों की तस्करी कर रहे नेपाली युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से पांच बोरियों और दो गत्तों में भरे विभिन्न ब्रांड के पटाखे, दो मोबाइल फोन और नेपाली मुद्रा बरामद की गई।

मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे रुपईडीहा से लगभग ढाई किलोमीटर पश्चिम पचपकड़ी गांव के बाहर मंदिर के पास संयुक्त टीम ने संदिग्ध युवक को पकड़ा। उसकी पहचान नेपाल के बांके जिले के नेपालगंज स्थित पचपोखरा, वार्ड नंबर एक निवासी संजय कुमार लोध (29) पुत्र श्याम लाल लोध के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान आरोपित के पास से नेपाली नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, बाइक चोरी की थी और आरोपित इसका इस्तेमाल अवैध पटाखों के परिवहन में कर रहा था। बरामद पटाखों में जेनिस स्पिनर, टर्की क्रैकर्स, मिनी बुलेट, कैटलिंग क्रैकर्स और फ्लावर पॉट्स समेत विभिन्न प्रकार के पटाखे शामिल हैं। इसके अलावा एक वीवो एंड्रॉयड और एक सैमसंग कीपैड मोबाइल फोन तथा 2665 रुपये नेपाली मुद्रा भी मिली।

थानाध्यक्ष रुपईडीहा हरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित के नेपाल से चोरी की बाइक के जरिए पटाखे लाने और उन्हें वापस नेपाल ले जाने की तैयारी करने की बात सामने आई है। पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 288/2026 दर्ज किया है। आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और 317(2) तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA