नेपाल सीमावर्ती गांव अगरवा बना तस्करी का हॉटस्पॉट, 7 किलो अफीम बरामद, तस्कर फरार
पूर्वी चंपारण,25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बनकटवा प्रखण्ड क्षेत्र का नेपाल सीमा से सटे अगरवा गांव इन दिनों नॉरकोटिक्स और खाद तस्करी के बड़े अड्डे के रूप में सुर्खियों में है। लगातार हो रही छापेमारी में पुलिस को सफलता भी मिल रही है, जिससे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
शनिवार को सिकरहना डीएसपी उदय शंकर के नेतृत्व में अगरवा गांव में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 7 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। हालांकि, छापेमारी के दौरान तस्कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, नेपाल बॉर्डर के पास स्थित अगरवा गांव में सुबोध कुमार के घर के पीछे अफीम छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने प्लास्टिक की 7 अलग-अलग पॉलिथीन में पैक कुल 7 किलोग्राम अफीम बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की जब्ती सूची प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी इस्तेखार दानिश की उपस्थिति में तैयार की गई।
मामले में जितना पुलिस ने अगरवा गांव के हरिकिशोर राय, शिवनाथ राय और रामाज्ञा राय पर संदेह जताते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित मूल्य करीब 84 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस छापेमारी अभियान में डीएसपी के साथ इंस्पेक्टर धनंजय कुमार निर्दोष, एसएसबी अठमोहान के इंस्पेक्टर शिवनारायण, जितना थानाध्यक्ष सुधीर कुमार, घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार और झरोखर थानाध्यक्ष असलम अंसारी अपने-अपने सशस्त्र बलों के साथ शामिल थे।
गौरतलब है कि महज पांच दिन पहले भी अगरवा गांव से 104.7 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था, जिसमें चार तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वहीं, सीमा क्षेत्र में खाद तस्करी के खिलाफ भी लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है।
लगातार हो रही छापेमारी और बरामदगी के कारण अगरवा गांव क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना हुआ है, जिससे पुलिस की सख्ती और तस्करों की सक्रियता दोनों ही उजागर हो रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

