home page

कानपुर में 10 करोड़ की चरस के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
कानपुर में 10 करोड़ की चरस के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार


कानपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जनपद कानपुर के थाना नजीराबाद पुलिस ने गुरुवार को मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक पुरुष और एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 10 किलो 320 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 10 करोड़ रुपये है। पुलिस अब तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए दोनों तस्कर नेपाल और बिहार से सस्ते दामों पर चरस खरीदकर लाते थे। इसके बाद कानपुर समेत दूसरे जनपदों और राज्यों में महंगे दामों पर इसकी सप्लाई करते थे। पूछताछ में पता चला है कि तस्करी के इस कारोबार के जरिए वे मोटा मुनाफा कमाते थे। पुलिस को इनके अन्य साथियों और मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े लोगों के बारे में भी अहम जानकारियां मिली हैं।

डीसीपी नजीराबाद पुलिस रेलवे लाइन के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुमटी क्रॉसिंग से कोकाकोला चौराहे की ओर जाने वाले रास्ते पर एक पुरुष और महिला संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रोककर पूछताछ की तो उनके नेपाल से आने की जानकारी मिली। संदेह होने पर तलाशी ली गई तो उनके पास मौजूद काले रंग के बैग से चरस के 19 बंडल बरामद हुए। वजन कराने पर कुल 10 किलो 320 ग्राम चरस निकली।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान कर्नलगंज निवासी फैसल और निक्की उर्फ साजिया सिद्दीकी के रूप में हुई है। तलाशी में पुलिस को 8600 रुपये भारतीय मुद्रा, 275 नेपाली रुपये, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और बस का टिकट भी मिला। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे नेपाल और बिहार से चरस लाकर कानपुर के अलावा दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में भी महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस अब इनके संपर्कों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप