महिला ने बुजुर्ग पर किया धारदार हथियार से हमला, उंगलियां कटीं
मालदा, 13 अगस्त (हि. स.)। पड़ोसी महिला के कथित हमले में बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जिले के चांचल-2 ब्लॉक के बहाराबाद गांव से गुरुवार को यह सनसनीखेज खबर सामने आई है। घायल महिला की पहचान जहानारा बीबी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में आरोपित पड़ोसी महिला सम्राट बीबी (40) को गिरफ्तार कर लिया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात जहानारा बीबी नदी किनारे स्थित नलकूप से हाथ-मुंह धोकर घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान घात लगाए बैठी सम्राट बीबी ने धारदार हंसिए से उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर महिला ने बुजुर्ग के गले, सिर, हाथ और पीठ पर लगातार करीब दस वार किए। हमले में उनके दाहिने हाथ की दो उंगलियां पूरी तरह कटकर अलग हो गई। गंभीर रूप से घायल जहानारा बीबी रक्तरंजित होकर जमीन पर गिर पड़ी। चीख-पुकार और कराहने की आवाज सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल चांचल सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल महिला के बेटे सोहेल चौधरी ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि उनकी मां पर हमला क्यों किया गया। उन्होंने आरोपित महिला के खिलाफ गुरुवार सुबह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
चांचल थाने की पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से रक्तरंजित हंसिया और कटी हुई दोनों उंगलियां बरामद की गई हैं। आरोपित सम्राट बीबी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

