home page

पड़ोसी के घर गई किशोरी से दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार

 | 

बांदा, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में बिसंडा थाना क्षेत्र में पड़ोसी के घर गई 14 वर्षीय किशोरी के साथ युवक द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने सुनसान मौका पाकर किशोरी को दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने और शोर मचाने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी गुरुवार सुबह करीब पांच बजे किसी काम से पड़ोस में रहने वाले युवक कैरू जाटव के घर गई थी। आरोप है कि सुबह का समय होने के कारण घर में सन्नाटा देखकर युवक ने उसे दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी ने शोर मचाने का प्रयास किया तो आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी। किसी तरह उसके चंगुल से छूटकर घर पहुंची किशोरी ने मां को घटना की जानकारी दी।

पड़ोस का मामला होने के चलते परिजन पहले आरोपित के घर उलाहना देने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि वहां युवक के परिजनों ने उन्हें डांट-फटकार कर भगा दिया। इसके बाद पीड़ित की मां देर शाम किशोरी को लेकर बिसंडा थाने पहुंची और आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दबिश दी और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

शुक्रवार को पुलिस ने पीड़ित का महिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया। थाना प्रभारी चंद्रप्रकाश ने बताया कि पड़ोसी होने के कारण किशोरी का आरोपी के घर पर आना-जाना था। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। किशोरी के न्यायालय में बयान भी दर्ज कराए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह