तीन करोड़ रुपये की मॉर्फिन के साथ चार गिरफ्तार
कोलकाता, 31 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मालदा जिले के मधुघाट के पास एक सघन तलाशी अभियान के दौरान मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। एसटीएफ की टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली, जिसमें से लगभग 2.7 किलोग्राम प्रतिबंधित मॉर्फिन बरामद की गई। जब्त किए गए इस मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी के मुख्य आपूर्तिकर्ता साहिबर अली समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चारों आरोपित मालदा के ही निवासी हैं।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपितों के खिलाफ कालियाचक पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल एसटीएफ की टीम आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

