15 हजार का फरार इनामी तस्कर गिरफ्तार, दस माह से चल रहा था फरार
जोधपुर, 21 नवम्बर (हि.स.)। मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन उजास के तहत फलोदी की जिला विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपए के इनामी आरोपी चंदू उर्फ चन्द्रप्रकाश को दस्तयाब किया है। आरोपी भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र में अफीम का दूध बरामदगी के मामले में पिछले दस माह से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक फलोदी आदित्य काकड़े ने बताया कि छीतरबेरा, थाना भोजासर निवासी चंदू उर्फ चन्द्रप्रकाश सारण पुत्र हड़मानराम विश्नोई की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा की ओर से 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार 12 जनवरी 2026 को थाना पुर जिला भीलवाड़ा पुलिस ने अजय पाटीदार और एक अन्य आरोपी के कब्जे से 2.400 किलोग्राम अवैध अफीम का दूध बरामद किया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में चंदू उर्फ चन्द्रप्रकाश का नाम अफीम के दूध के खरीददार के रूप में सामने आया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।
डीएसटी फलोदी के कांस्टेबल चौखाराम को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव छीतरबेरा स्थित घर आया हुआ है। इस पर सीओ लोहावट भवानी सिंह के निकटतम सुपरविजन में डीएसटी टीम ने कार्रवाई कर उसे दस्तयाब कर लिया। आरोपी को थाना भोजासर पुलिस के सुपुर्द कर भीलवाड़ा पुलिस को सूचना दी गई है। भीलवाड़ा पुलिस उसे संबंधित मामले में गिरफ्तार कर आगे की जांच करेगी। पुलिस के अनुसार आरोपी फरारी के दौरान ट्रक चलाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के दो और सडक़ दुर्घटना का एक मामला दर्ज है, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं। वर्ष 2010 में मध्यप्रदेश के भावगढ़ में आठ क्विंटल डोडा पोस्त के मामले में गिरफ्तार होकर वह करीब 30 माह जेल में रहा था। वहीं वर्ष 2021 में असम में 27 क्विंटल डोडा पोस्त के मामले में गिरफ्तार होने के बाद करीब तीन साल तक जेल में रहा था।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

