पोस्टमार्टम रिपोर्ट के नाम पर रिश्वत, पकड़ा गया एनबीएमसीएच कर्मचारी
सिलीगुड़ी, 03 सितंबर (हि. स.)। पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने और लेने का आरोप उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल (एनबीएमसीएच) के एक कर्मचारी पर लगा है। शिकायत के आधार पर पश्चिम बंगाल पुलिस की एंटी-करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने अस्पताल में जाल बिछाकर आरोपित कर्मचारी को तीन हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी के अनुसार, मृतक के परिवार की ओर से शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने बुधवार को यह कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान अस्पताल के लैबोरेटरी-कम-मॉर्चरी असिस्टेंट को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
गौरतलब है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी है। इससे पहले 31 अगस्त को हावड़ा के उलुबेरिया में 20 हजार की रिश्वत लेते एक सरकारी अधिकारी को भी एसीबी ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में भी रिश्वत की रकम बरामद कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

