धारदार हथियार से हमला कर युवक को किया घायल, हालत गंभीर
नवादा, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में डीडीएम महिला कॉलेज के समीप शुक्रवार को एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल युवक की पहचान सामाजिक कार्यकर्ता धर्मेंद्र राजवंशी के भाई के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
बताया जाता है कि युवक किसी काम से डीडीएम महिला कॉलेज के पास गया था। इसी दौरान उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक हमलावर की पहचान नहीं हो सकी थी। घटना के स्पष्ट कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। प्रथमदृष्टया आपसी विवाद या रंजिश को लेकर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर हमलावर की पहचान करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि अपराधी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस ने मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई का भरोसा दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

