नवादा से अपह्रत महिला की हत्या,तीन गिरफ्तार
नवादा, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले के नरहट प्रखंड अंतर्गत छोटीपाली गांव से दो माह पूर्व लापता हुई महिला पूनम देवी के अपहरण मामले का नरहट पुलिस ने शुक्रवार को उद्भेदन कर लिया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या कर उसके शव को कोडरमा घाटी में फेंक दिया गया था।
मामले में पुलिस ने तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।
नवादा के नरहट पहुंचे रजौली एसडीपीओ केतन इंगोले ने बताया कि कांड के उद्भेदन में नरहट थानाध्यक्ष गौतम कुमार और अनुसंधानकर्ता पूजा कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने महिला की हत्या कर कोडरमा घाटी में शव फेंकने की बात स्वीकार की।
एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से मृतका के कपड़े तथा कुछ मानव हड्डियां बरामद की हैं।
एफएसएल की टीम मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो वाहनों को भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में चुन्नू सिंह, निवासी मनवां, हिसुआ थाना क्षेत्र, शशि चंद्र उर्फ टुल्लू सिंह, निवासी हादसा तथा विपिन उर्फ अंकित राज, निवासी बेलारू, हिसुआ थाना क्षेत्र शामिल हैं।
एसडीपीओ के अनुसार, मृतका पूनम देवी ने पूर्व में शशि चंद्र उर्फ टुल्लू सिंह के खिलाफ हिसुआ थाना में दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस संबंध में हिसुआ थाना कांड संख्या 73/21 दर्ज है। वहीं, पूनम देवी की पुत्री काजल कुमारी ने अपनी मां के लापता होने की शिकायत 2 जुलाई 2026 को नरहट थाना में दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर कांड संख्या 210/26 दर्ज किया गया था।
पुलिस ने बताया कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है। बरामद मानव अवशेषों की जांच समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन

