home page

नवरात्र में महिलाओं की चेन पर नजर, कुशीनगर की दो शातिर महिलाएं बांदा में गिरफ्तार

 | 
नवरात्र में महिलाओं की चेन पर नजर, कुशीनगर की दो शातिर महिलाएं बांदा में गिरफ्तार


बांदा, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में नवरात्र के दौरान मंदिरों और बाजारों में उमड़ने वाली महिला श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर चेन स्नेचिंग और टप्पेबाजी की वारदातों को अंजाम देने की फिराक में घूम रहीं दो महिलाओं को नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों महिलाएं कुशीनगर जिले की रहने वाली हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित महिलाओं ने 12 अक्टूबर को कालूकुआं इलाके में ई-रिक्शा में सवार एक महिला के गले से चेन खींचकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को छोटा बाईपास स्थित शेखर की बगिया के पास से दबोच लिया। उनके कब्जे से 5.910 ग्राम पीली धातु के टंच और 3,770 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

भीड़भाड़ वाले इलाकों में करती थीं वारदात

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। गंगानगर निवासी सतरूपा पत्नी कमलाकांत ने 16 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 12 अक्टूबर को ई-रिक्शा में सवार दो अज्ञात महिलाओं ने उनका ध्यान भटकाकर गले से चेन चोरी कर ली थी। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार को छोटा बाईपास स्थित शेखर की बगिया के पास से दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान मालती उर्फ मंती पत्नी खदेरू और बिंदू पत्नी बधेदू, निवासी ग्राम भटवलिया, थाना कप्तानगंज, जिला कुशीनगर के रूप में हुई है।

यूपी और मध्य प्रदेश में भी वारदातों की आशंका

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों महिलाओं ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में चोरी, टप्पेबाजी और चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। वे नवरात्र के दौरान बाजारों और मंदिरों में आने वाली महिला श्रद्धालुओं को निशाना बनाने की फिराक में थीं। पुलिस को आशंका है कि दोनों उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रही हैं। उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कितने सदस्य शामिल हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं के कब्जे से चोरी से संबंधित सामान और 3,770 रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह