home page

दमोह: नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद

 | 
दमोह: नरसिंहगढ़ डकैती कांड में दो आरोपी गिरफ्तार, सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी बरामद


दमोह, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह जिले की पुलिस को नरसिंहगढ़ डकैती कांड में एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चौकी नरसिंहगढ़ क्षेत्र में 04 जुलाई को ग्राम सूखी पिपरिया स्थित प्रार्थी विजय जैन के घर हुई लाखों रुपये की डकैती के प्रकरण में दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि प्रकरण में पूर्व में दो आरोपियों शंकर यादव एवं राहुल अहिरवार की गिरफ्तारी के उपरांत फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम द्वारा भोपाल, रायसेन, छतरपुर, दिल्ली, रोहतक (हरियाणा), उड़ीसा एवं विशाखापट्टनम (आंध्रप्रदेश) सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार तलाश की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान प्रकरण के दो फरार आरोपी रानू पटेल पुत्र हलकाई पटेल, निवासी बेर किसुनगंज, थाना दमोह देहात एवं दीपक उर्फ दीपु बंसल पुत्र उत्तम बंसल, निवासी वार्ड क्रमांक-01, पथरिया को कटनी मुड़वारा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। आरोपियों के कब्जे से दो सोने की चेन (करीब 18 ग्राम), एक सोने की करधनी (करीब 42 ग्राम) एवं 20 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। इस प्रकार प्रकरण में नव जप्त सामग्री कुल 8 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि इससे पूर्व भी प्रकरण में सोने-चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल सहित लगभग 8 लाख 50 हजार रुपये मूल्य की सामग्री जप्त की जा चुकी थी। इस प्रकार अब तक प्रकरण में कुल 16 लाख 70 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति बरामद की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रानू पटेल एवं दीपक उर्फ दीपु बंसल आदतन अपराधी हैं। आरोपी रानू पटेल के विरुद्ध पूर्व से 08 आपराधिक प्रकरण तथा आरोपी दीपक उर्फ दीपु बंसल के विरुद्ध 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विवेचना के दौरान प्रकरण में रोहित अहिरवार एवं उसके साथी मोनू की संलिप्तता भी पाई गई है। दोनों आरोपी अभी फरार हैं तथा उनकी तलाश लगातार जारी है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने बताया कि यह कार्रवाई उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय, चौकी प्रभारी नरसिंहगढ़ उपनिरीक्षक रोहित द्विवेदी, उपनिरीक्षक रमाशंकर मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक अकरम खान, प्रधान आरक्षक सचिन, रूपेश, संजय पाठक, सूर्यकांत पाण्डेय, आरक्षक लोकेश पवार, ओमप्रकाश, साइबर सेल टीम दमोह, नरसिंहगढ़ पुलिस स्टाफ तथा पूर्व में गठित विशेष टीम का सराहनीय योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव