home page

नर्मदापुरम: शादी समारोह के दौरान मामूली बात पर हिंसा, एक की मौत, पुलिसकर्मी पर भी जानलेवा हमला

 | 
नर्मदापुरम: शादी समारोह के दौरान मामूली बात पर हिंसा, एक की मौत, पुलिसकर्मी पर भी जानलेवा हमला


नर्मदापुरम, 20 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नाहरकोला में रविवार रात एक शादी समारोह अचानक हिंसक झड़प हाे गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई और छह लोग घायल हो गए।

सूचना के बाद माैके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी आराेपितों ने हमला कर दिया, जिसमें एक आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आराेपी माैके से भाग निकले। पुलिस मामला दर्ज कर उनकी तलाश में जुट गई है।

पुलिस के अनुसार, रविवार रात गांव में रामनारायण के भतीजे की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव का अमर सिंह कीर नशे की हालत में वहां पहुंचा। उसे सामान्य तौर पर खाना खाने के लिए कहा गया, लेकिन वह इस बात पर भड़क उठा। बोला- 'मैं क्या खाने का भूखा हूं'। माहौल बिगड़ता देख लोगों ने उसे समझाकर घर भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने बेटे लोकेश के साथ हाथ में डंडा और चाकू लेकर लाैटा।

विवाद बढ़ने पर दूल्हे के चाचा हरिनारायण बीच-बचाव के लिए आगे आए, तभी लोकेश ने उन पर चाकू से हमला कर दिया गया। उन्हें बचाने आए दौलत कीर, रामनारायण कीर, जयनारायण कीर और महिला क्षमा कीर सहित अन्य लोगों पर भी आरोपितों ने हमला कर दिया। इस हमले में दौलत कीर को गंभीर चोटें आईं, जिनसे उनकी मौत हो गई। सभी घायलों को जिला अस्पताल (नर्मदापुरम) रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही रात करीब एक बजे थाना प्रभारी केएन रजक, प्रधान आरक्षक सुनील, आरक्षक ओम जाट और दीपक आरोपियों को पकड़ने पहुंचे। आरोपितों को पकड़ने के प्रयास के दौरान उन्होंने पुलिस पर भी हमला कर दिया। आरक्षक ओम जाट ने जब एक आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, तो उस पर चाकू से कई वार किए गए। आरक्षक को 9 जगह चाकू लगे और वह गंभीर रूप से घायल हुआ। उसके हाथ, पैर और पेट में गंभीर चोटें आईं और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उसे सिवनी मालवा से नर्मदापुरम रेफर किया गया।

मामले में घायल हरिनारायण और जयनारायण दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पहले उन्हें सिवनी मालवा से नर्मदापुरम जिला अस्पताल लाया गया था, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण निजी अस्पताल में रेफर किया गया। यहां दोनों को आईसीयू में भर्ती किया गया है और उनके ऑपरेशन किए जाएंगे। आधी रात को एसपी सांई कृष्णा एस थोटा, एएसपी और एसडीओपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

इस पूरे घटनाक्रम के संबंध में एसपी थोटा ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने जब टीम दौड़ी तो उन्होंने पुलिस पर भी हमला किया। जिसमें आरक्षक को पेट, पैर और हाथ में चोट आई है। उसकी हालत ठीक है। वहीं परिजनाें ने बताया कि उनके भाई भगवान की आज शादी होनी थी। सोमवार को सीहोर जिले के ग्राम नीमाखेड़ी (भेरूंदा) बारात जाने वाली थी, लेकिन एक दिन पहले हुए घटनाक्रम से घर में मातम पसर गया। परिजनों के अनुसार, आरोपी उसी परिवार से जुड़े हैं और लंबे समय से आपसी विवाद चल रहा था।

इस संबंध में थाना प्रभारी केएन रजक का कहना है कि पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास के दो केस दर्ज किए हैं। आरोपितों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे