जबलपुरः सुंदरपुर में मां नर्मदा की मूर्ति खंडित मिलने से आक्रोश, जांच में जुटी पुलिस
जबलपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के खमरिया क्षेत्र स्थित सुंदरपुर गांव में शनिवार को मां नर्मदा की मूर्ति खंडित मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया तथा आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों की पहचान की जाएगी और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की समझाइश और संवेदनशील रवैये के बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। इसके बाद गांव के लोगों ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए खंडित मूर्ति का विधिवत पूजन-अर्चन किया और धार्मिक परंपराओं के अनुसार विसर्जन के लिए उसे ग्वारीघाट ले गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, खमरिया फैक्ट्री के आवासीय क्षेत्र से लगे सुंदरपुर गांव में नदी किनारे वर्ष 2016 में ग्रामीणों के सहयोग से मां नर्मदा की मूर्ति स्थापित की गई थी। यह मंदिर क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। त्योहारों और विशेष अवसरों पर यहां धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता रहा है।
शनिवार जब कुछ ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मां नर्मदा की मूर्ति खंडित अवस्था में पड़ी हुई है। घटना की खबर गांव में तेजी से फैल गई और देखते ही देखते सैकड़ों लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने इस कृत्य को किसी असामाजिक तत्व की हरकत बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

