home page

बागपत में नशा तस्करी पर दोहरी कार्रवाई, लाखों की स्मैक और गांजा पकड़ा

 | 
बागपत में नशा तस्करी पर दोहरी कार्रवाई, लाखों की स्मैक और गांजा पकड़ा


बागपत, 13 सितंबर (हि.स.)। जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हाथ लगी है। एक ओर बड़ौत क्षेत्र में पुलिस ने आई-20 कार से स्मैक बरामद कर तस्कर को गिरफ्तार किया। वहीं, दूसरी ओर कोतवाली पुलिस ने एक युवक को अवैध गांजे के साथ पकड़ा है। पकड़े गए मादक पदार्थो की कीमत लाखो में है।

बड़ौत पुलिस पूर्वी यमुना नहर पटरी पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही आई-20 कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई 116 पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जिनका कुल वजन करीब 27 ग्राम बताया गया है और कीमत लगभग पांच लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से नदीम उर्फ बिल्डर निवासी किदवई नगर बड़ौत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली से स्मैक लाकर बड़ौत में ऊंचे दामों पर बेचने की बात कबूल की है।

थाना कोतवाली बागपत पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक अन्य आरोपी अरमान पुत्र अल्लादीन निवासी बागपत को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1108 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीओ बागपत सुकन्या शर्मा का कहना है कि जनपद में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

----------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी