एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने पकड़ा साढे बारह किलो डोडा चूरा व 241 ग्राम अफीम, तस्कर गिरफ्तार
चित्तौड़गढ़, 18 जून (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स टीम ने आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नरपतखेड़ी पुलिया के पास से 12.450 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा व 241 ग्राम अफीम बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक 60 वर्षीय आरोपित को गिरफ्तार किया है।
टास्क फोर्स टीम को आसूचना मिली थी कि नरपतखेड़ी पुलिया के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर खड़ा है, जिसके पास मादक पदार्थ हो सकता है। पुख्ता सूचना पर टीम तुरंत भीलवाड़ा जाने वाली सर्विस रोड पर नरपत खेड़ी पुलिया के पास पहुंची। यहां यात्री प्रतिक्षालय के पास एक व्यक्ति हाथ में बैग लिए खड़ा मिला। टीम को देखते ही वह हक्का-बक्का रह गया। टीम ने तत्काल उक्त व्यक्ति को डिटेन कर स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाया। स्थानीय पुलिस ने व्यक्ति व उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें से 12.450 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा व 241 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गोकुल राम पुत्र पुरखाराम जाट निवासी स्वरूपदेसर, देसनोक के पास, पुलिस थाना गंगाशहर जिला बीकानेर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 12.450 किलो डोडा चूरा और 241 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित मादक पदार्थ कहां से लाया और कहां सप्लाई करने वाला था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

