home page

जबलपुर में 1.20 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी

 | 
जबलपुर में 1.20 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, सप्लायर की तलाश जारी


जबलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में गोहलपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 1 किलो 20 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान चालीस फिट रोड, अमखेरा में एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। घेराबंदी कर उसे पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना नाम रोहित कनौजिया निवासी बस्ती नंबर-1, खेरमाई मंदिर के पास, गोहलपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके हाथ में मौजूद काले रंग के थैले से सफेद पन्नी में रखा 1 किलो 20 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस संबंध में गोहलपुर थाना में अपराध क्रमांक 552/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने यह गांजा गोहलपुर स्थित पानी की टंकी के पास रहने वाले रोहित बेन नामक व्यक्ति से खरीदकर बिक्री के उद्देश्य से लाया था। पुलिस ने कथित सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रवि सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक शारदा, प्रधान आरक्षक प्रमोद, प्रधान आरक्षक अमित तथा आरक्षक आशीष और हरेन्द्र की सराहनीय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक