home page

जबलपुर : 149 किलो से अधिक गांजा नष्ट, डीआईजी और एसपी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

 | 
जबलपुर : 149 किलो से अधिक गांजा नष्ट, डीआईजी और एसपी की मौजूदगी में हुई कार्रवाई


जबलपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मामलों में जब्त 149 किलो 477 ग्राम गांजा का विधिवत विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई शनिवार को कटनी जिले के कैमोर स्थित एसीसी सीमेंट फैक्ट्री में पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

पुलिस के अनुसार, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) नई दिल्ली एवं नारकोटिक मुख्यालय भोपाल से प्राप्त दिशा-निर्देशों के बाद डीआईजी अतुल सिंह द्वारा एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त मादक पदार्थों के विनष्टीकरण के आदेश जारी किए गए थे।

इन आदेशों के पालन में एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त मादक पदार्थों की तौल, दस्तावेजों का सत्यापन और अन्य आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं।

इसके बाद शनिवार को डीआईजी अतुल सिंह, एसपी सम्पत उपाध्याय तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा की उपस्थिति में कटनी जिले के कैमोर स्थित एसीसी सीमेंट फैक्ट्री में जब्त गांजे का विनष्टीकरण किया गया।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान जिला जबलपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 21 प्रकरणों में जब्त कुल 149 किलो 477 ग्राम गांजा को नियमानुसार नष्ट किया गया। यह कार्रवाई मादक पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण और न्यायिक प्रक्रिया के पालन के तहत की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक