home page

जबलपुर : तिलवारा में गांजे की खेप के साथ दो गिरफ्तार, ओडिशा से ट्रेन,बस के जरिए जबलपुर लाए थे गांजा

 | 
जबलपुर : तिलवारा में गांजे की खेप के साथ दो गिरफ्तार, ओडिशा से ट्रेन,बस के जरिए जबलपुर लाए थे गांजा


जबलपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में तिलवारा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 978 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 98 हजार 900 रुपये बताई गई है, बरामद किया गया है। पुलिस ने एक वीवो मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार रविवार सोमवार की दरमियानी रात तिलवारा थाना और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम लम्हेटा बायपास क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान अमर टायर वाले के टपरे के सामने दो संदिग्ध युवक खड़े दिखाई दिए। इनमें से एक के पास नीले रंग का पिट्ठू बैग था। पुलिस को देखते ही दोनों भागने का प्रयास करने लगे, जिसके बाद घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान हिमांशु कश्यप और दिनेश गौड़ ठाकुर के रूप में हुई।

पुलिस ने दिनेश गौड़ के कब्जे में मिले नीले बैग की तलाशी ली तो उसमें गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि बड़े पैकेट के भीतर दो छोटे पैकेट रखे थे। इनमें से एक पैकेट उसका और दूसरा हिमांशु कश्यप का था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे क्रेशर बस्ती निवासी प्रेम बर्मन के कहने पर ओडिशा के तितलागढ़ गए थे। वहां प्रेम बर्मन से मोबाइल पर संपर्क करने के बाद तितलागढ़ स्टेशन पर शंभू नामक व्यक्ति ने उन्हें गांजा उपलब्ध कराया। गांजे की रकम प्रेम बर्मन द्वारा ऑनलाइन भुगतान किए जाने की बात भी सामने आई है।

आरोपियों के अनुसार, गांजा लेकर वे ट्रेन से नागपुर पहुंचे और वहां से बस के जरिए जबलपुर आए थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

मामले में एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में तिलवारा थाना प्रभारी बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में उप निरीक्षक पी.एल. बंसल, आरक्षक शैलेन्द्र, राजेश गुप्ता, देवा और दुर्गेश चौधरी की भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक