पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 747 बोतल कफ सिरप और 49,248 नशीली टैबलेट सहित दो गिरफ्तार
कूचबिहार, 24 सितंबर (हि.स.)। कूचबिहार कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में कफ सिरप और नशीली टैबलेट बरामद की है। इस मामले में हेमंत सरकार और सोहेल राय को गिरफ्तार किया गया है। दोनों कूचबिहार के दो नंबर कालीघाट इलाके के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इलाके में प्रतिबंधित नशीले पदार्थों के भंडारण की सूचना मिलने के बाद देर रात अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान 747 बोतल कफ सिरप और 49,248 नशीली टैबलेट बरामद किये गये। इसके अलावा हेमंत के नाम से जारी एक पहचान पत्र और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने बताया कि मजिस्ट्रेट और कोतवाली थाना प्रभारी की मौजूदगी में जब्त सामग्री को नष्ट कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

