home page

नारायण विहार फायरिंग मामला: मुख्य आरोपी सचिन शर्मा समेत तीन गिरफ्तार

 | 
नारायण विहार फायरिंग मामला: मुख्य आरोपी सचिन शर्मा समेत तीन गिरफ्तार


जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की डीएसटी दक्षिण टीम और नारायण विहार थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नारायण विहार इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में मुख्य आरोपी सचिन शर्मा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। आरोपियों ने एक दुकान पर हमला कर वहां खड़े वाहनों में तोड़फोड़ की और जानलेवा इरादे से फायरिंग की थी।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को नारायण विहार इलाके में फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में मुख्य

सचिन शर्मा (32) पुत्र स्व. राजेश कुमार निवासी सेक्टर-17, प्रताप नगर, अनुपम सिंह (27) पुत्र कल्याण सिंह निवासी भरतपुर, हाल निवासी मुकदम बॉयज पीजी, सेक्टर-10, प्रताप नगर और अभिषेक शर्मा (28) पुत्र गोपाल स्वरूप शर्मा निवासी ग्राम सेवा, वजीरपुर, सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया हैं।

पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी, अन्य साथियों की पहचान और उनकी भूमिका का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

थानाधिकारी नारायण विहार राजेंद्र प्रसाद के अनुसार 17 नवंबर को महेंद्र प्रताप सिंह भाटी निवासी मोहन नगर, नाहरगढ़ ने नारायण विहार थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने बताया कि वह नारायण विहार बी-ब्लॉक स्थित निरंकारी बजरी सप्लायर्स की दुकान पर काम करता है। सचिन शर्मा पुत्र स्व. राजेश कुमार पहले इसी दुकान पर काम करता था। उसे काम से हटाए जाने के बाद से वह रंजिश रखने लगा था।

रिपोर्ट के अनुसार घटना की रात करीब 12 बजे सचिन शर्मा दुकान पर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए वहां खड़ी लोडिंग गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद रात करीब 4 से 5 बजे के बीच सचिन अपने 4-5 साथियों के साथ दोबारा दुकान पर पहुंचा और बाहर खड़ी स्विफ्ट कार में तोड़फोड़ करने लगा। आवाज सुनकर महेंद्र ने जैसे ही गेट खोला, आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गनीमत रही कि परिवादी बाहर नहीं आया, जिससे उसकी जान बच गई। घटनास्थल से पुलिस को गोलियों के खाली कारतूस भी मिले। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर हेमंत शर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। थानाधिकारी नारायण विहार राजेंद्र प्रसाद और डीएसटी प्रभारी विशम्भर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश