home page

नारायणा विहार में स्कूल के पास खून से लथपथ मिला युवक का शव

 | 

नई दिल्ली, 17 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी जिले के नारायणा विहार में सोमवार सुबह सर्वोदय कन्या विद्यालय के पास करीब 30 वर्षीय युवक का नग्न शव मिलने का मामला सामने आया है। युवक के सिर से काफी खून बहा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी पहचान कराने के साथ ही हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपितों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब सात बजे एक राहगीर ने नारायणा थाने में सूचना दी कि टी-प्वाइंट के पास सी-52 के सामने सर्वोदय कन्या विद्यालय की चारदीवारी के नजदीक एक व्यक्ति का शव पड़ा है। इसके कुछ देर बाद स्कूल के मुख्य गेट के पास सी-ब्लॉक में अज्ञात युवक का शव पड़े होने की पीसीआर कॉल भी मिली।

सूचना मिलते ही नारायणा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां करीब 30 वर्षीय युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव नग्न था और सिर से काफी मात्रा में खून बहा हुआ था। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान के लिए उसके शरीर की तलाशी और अन्य सुराग जुटाए गए। उसके बाएं हाथ की बाजू पर ‘आनंद’ और ‘रेणु’ नाम का टैटू बना मिला है। पुलिस इस टैटू को भी मृतक की पहचान के अहम सुराग के तौर पर देख रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

प्रथम दृष्टया पुलिस को मामला हत्या का लग रहा है। हालांकि मौत के सही कारण और घटनाक्रम का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ यह पता लगाने में जुटी है कि वह यहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी