रेलवे लाइन के पास चाकू दिखाकर लूट, दो बदमाश गिरफ्तार
नई दिल्ली, 18 अगस्त (हि.स.)। बाहरी जिले के नांगलोई इलाके में रेलवे लाइन के पास चाकू के बल पर युवक से लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान नांगलोई निवासी नितिन उर्फ डाऊ रूपे (20) और किराड़ी निवासी राहुल (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बटन वाला चाकू बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को एक युवक ने नांगलोई थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह घर जा रहा था और वीना एन्क्लेव के पीछे रेलवे लाइन के पास पहुंचा था। इसी दौरान चार लड़कों ने पीछे से उसे घेर लिया। एक बदमाश ने उसे पीछे से पकड़ लिया, जबकि दो अन्य ने उसके हाथ पकड़ लिए। तभी चौथे बदमाश ने चाकू निकालकर उसे धमकाया। इसके बाद बदमाश उससे 1500 रुपये और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर नांगलोई थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस टीम ने इलाके में छानबीन शुरू की। एसएचओ पवन तोमर के नेतृत्व में एसआई राकेश, हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल दिनेश की टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम शिकायतकर्ता को साथ लेकर नांगलोई रेलवे लाइन के आसपास आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान शिकायतकर्ता ने दोनों आरोपितों को पहचान लिया। पुलिस ने तुरंत राहुल और नितिन को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बटन वाला चाकू बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

