नंद नगरी में साले ने जीजा को चाकू से गोदा, मौत
नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। पूर्वी जिले के नंद नगरी के ताहिरपुर स्थित लेप्रोसी कॉलोनी (कोढ़ी कॉलोनी) में पति-पत्नी के बीच किसी बात पर झगड़ा हो रहा था। इस बीच खबर मिलने के बाद पत्नी का भाई अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। आरोपित ने अपने जीजा पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बाद में वह फरार हो गया।
गंभीर हालत में पीड़ित नीरज कुमार (30) को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान नीरज की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपित साले रमेश (20) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस इसके बाकी दोस्तों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने नीरज की पत्नी तारा के बयान भी दर्ज किए हैं। तारा का कहना है कि उसने अपने भाई को रोकने का खूब प्रयास किया था, लेकिन वह नहीं माना। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद नीरज का शव परिवार के हवाले कर दिया।
उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने मंगलवार काे बताया कि नीरज अपने परिवार के साथ ताहिरपुर इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता विष्णु दयाल, छोटा भाई मोहित के अलावा पत्नी तारा, 9 और 5 वर्ष व तीन माह की बेटियां हैं। नीरज टेंट का काम करता था। 11 साल पहले उसकी लेप्रोसी कॉलोनी निवासी तारा से शादी हुई थी। रविवार देर रात को नीरज और तारा के बीच किसी बात पर झगड़ा हो रहा था। इस बीच नीरज के साले को झगड़े का पता चल गया। वहां अपने दोस्तों के साथ पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। नीरज को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार को नीरज की मौत हो गई।
शुरुआत में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। नीरज की मौत के बाद हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू कर दी गई। अब पुलिस आरोपित रमेश के बाकी दोस्तों की तलाश कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी कब्जे में लिया गया है। उसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

