नंद नगरी में हत्या की कोशिश के मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी जिले के नंद नगरी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार 29 मार्च की शाम सुंदर नगरी जी-ब्लॉक इलाके में चाकूबाजी की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि घायल युवक को पीसीआर वैन द्वारा गुरु तेग बहादुर अस्पताल ले जाया गया है। घायल की पहचान लोकेश (26) के रूप में हुई, जिसने पुलिस को बताया कि वह घर लौट रहा था, तभी दो युवकों ने बिना किसी वजह के उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपितों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में थाना नंद नगरी में एफआईआर संख्या 178/26 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान इंस्पेक्टर आनंद यादव के की देखरेख में टीम ने सुराग जुटाते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपितों की पहचान जुबेर उर्फ जुब्बी (22) और दीपक (20) के रूप में हुई है। दोनों सुंदर नगरी इलाके के ही रहने वाले हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपित जुबेर पहले भी झपटमारी के एक मामले में शामिल रहा है। इस मामले पर उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने कहा, “पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।''
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

