चित्तौड़ दुर्ग की तलहटी में पाड़नपोल झरने के पास युवती की हत्या, चार दिन पुराना नग्न शव मिला
चित्तौड़गढ़, 05 जून (हि.स.)। चित्तौड़ दुर्ग की तलहटी में स्थित पाड़नपोल झरने के पास शुक्रवार को एक युवती का शव नग्नावस्था में मिला है। शव करीब 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतका की पहचान नहीं हुई है। इसकी उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मामला हत्या और यौन अपराध से जुड़ा होने की आशंका है। शव शिनाख्तगी के बाद जांच आगे बढ़ेगी।
चितौड़गढ़ कोतवाली सीआई तुलसीराम ने बताया कि शुक्रवार सुबह पाड़नपोल झरने के यहां शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इस पर मौका देखा है। यहां शुक्रवार सुबह अरबन नरेगा की श्रमिक 'हरियालो राजस्थान' के तहत पौधारोपण के लिए झाड़ियों की सफाई कर रही थी। दुर्ग की तलहटी में पाड़नपोल झरने की तरफ जाते समय बाईं ओर से बदबू आने पर पास जाकर देखा तो नग्न अवस्था में युवती का शव पड़ा था। मृतका की टीशर्ट भी चेहरे की तरफ खींची हुई थी। श्रमिकों ने आस पास के लोगों को सूचना दी। स्थानीयों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कोतवाली थाने से एएसआई हरवीर सिंह मौके पर पहुंचे और उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया। इस पर डिप्टी ब्रजेसिंह और कोतवाल तुलसीराम भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना कर एमओबी और एफएसएल टीम को बुलाया है। पुलिस फिलहाल मृतका की शिनाख्त नहीं कर पाई है। शरीर पर कोई नाम गुदा नहीं है और न ही पास से मोबाइल या कोई दस्तावेज मिला है। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला माना है। आशंका है कि यह मामला यौन अपराध से जुड़ा हो। शव पड़ा होने की सूचना पर स्थानीय निवासी प्रसून शर्मा सहित कई स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। इन्हें पुलिस ने झरने के रास्ते पर ही रोक दिया।
इधर, जानकारी मिली है कि शव चार दिन तक पुराना हो सकता है। शव के पास में ही एक बियर की बोतल और चिप्स का पैकेट भी मिला है। आशंका है कि हत्या से पहले यहीं बैठ कर नशा किया हो। वहीं गुरुवार देर रात हुई बरसात के कारण पैरों के निशान या अन्य साक्ष्य मिट गए हों, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस शिनाख्तगी के प्रयास में जुटी है।
युवती की हत्या एवं शव पड़ा होने की सूचना पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका देखने के साथ ही सीआई और डिप्टी से भी जानकारी ली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

