झाड़ियों से युवक का निर्वस्त्र शव बरामद, हत्या की आशंका
सिलीगुड़ी, 22 मई (नि.सं.)। शहर के नौकाघाट इलाके में महानंदा पुल के पास झाड़ियों से एक अज्ञात युवक का निर्वस्त्र शव शुक्रवार सुबह मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की नजर शव पर पड़ते ही घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद एनजेपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है।
मृत युवक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक को पहले कभी इस इलाके में नहीं देखा गया, जिससे अंदेशा है कि वह बाहर का हो सकता है।
पुलिस की शुरुआती जांच में युवक के शरीर पर किसी तरह के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले है। हालांकि शव के नग्न अवस्था में मिलने से मामला संदिग्ध बन गया है। आशंका जताई जा रही है कि हत्या के बाद शव को यहां फेंका गया हो सकता है, लेकिन अन्य कारणों से मौत की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नौकाघाट का यह इलाका सुनसान रहता है और यहां अक्सर असामाजिक गतिविधियां व नशाखोरी होती रहती है। ऐसे में पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है कि युवक नशे की हालत में था या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई।
एनजेपी थाने की पुलिस ने बताया कि फिलहाल प्राथमिकता शव की पहचान करना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे ताकि घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
फिलहाल इस रहस्यमय मौत को लेकर इलाके में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं जारी है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

