home page

धार : नकली इनकम टैक्स अफसर बनकर डकैती करने वाला गिरोह बेनकाब, 8 गिरफ्तार

 | 
धार : नकली इनकम टैक्स अफसर बनकर डकैती करने वाला गिरोह बेनकाब, 8 गिरफ्तार


धार, 16 मार्च (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के धार जिले के बाग थाना क्षेत्र में नकली इनकम टैक्स अधिकारी बनकर डकैती करने वाले गिरोह का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 6 आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं।

इंदौर ग्रामीण जोन के पुलिस महानिरीक्षक अनुराग ने सोमवार को धार पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि 13 मार्च 2026 को फरियादी राजकुमार मालवीय निवासी बाग ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कुछ लोग खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर उनके घर में घुस आए और सोने के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।

फरियादी की रिपोर्ट पर बाग थाने में धारा 310(2) और 127(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धार के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।

पुलिस ने इस मामले में शहजाद पिता रोशन खान निवासी ग्राम बिरगोद थाना बेरछा जिला शाजापुर, नरसिंह पिता बलिया बघेल निवासी ओम साईं विहार कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र देवास, दिलीप पिता रामचंद्र अहिरवार निवासी ग्राम झोकर थाना मक्सी जिला शाजापुर, राजा उर्फ अब्दुल गफ्फार निवासी नागझरी सांवेर जिला देवास, दिनेश पिता रुकड़िया वास्केल निवासी भिलटपुरा थाना मनावर जिला धार, आबिद पिता मुबारक शाह निवासी नागेश्वर मंदिर बायपास रोड बाग जिला धार, अयूब शाह पिता निजामुद्दीन निवासी लेडीपुरा मनावर जिला धार और रमेश पिता गजरिया मोरी निवासी ग्राम भमोरी थाना बाग जिला धार को गिरफ्तार किया है।

वहीं मुख्य आरोपी संजय उर्फ संजीव उर्फ पंडित पिता चंद्रप्रकाश शर्मा निवासी औराई जालौन (उत्तर प्रदेश), इकबाल पिता इसाक खान निवासी मालीखेड़ी शाजापुर, अब्दुल निसार पिता अब्दुल सत्तार निवासी शाजापुर, तन्मय उर्फ साहिल पिता दिलीप ठाकुर निवासी ग्राम बेरछा जिला शाजापुर, मुरलीधर उर्फ आकाश निवासी शांति नगर नानाखेड़ा उज्जैन और रंजीत पिता ग्यारसिया निवासी ग्राम बेरछा जिला शाजापुर फरार हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के सोने के आभूषण, एक स्कॉर्पियो वाहन, एक आर्टिगा वाहन और नकदी सहित कुल लगभग 1 करोड़ 35 लाख 57 हजार रुपये का माल बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और प्रदेश के अन्य जिलों में हुई घटनाओं में भी इनके शामिल होने की जांच की जा रही है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi