शादी से लौटने के बाद दंपती में विवाद, पत्नी गिरफ्तार
कोलकाता, 22 नवंबर (हि. स.)। पारिवारिक अशांति के बीच पति की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप पत्नी पर लगा है। घटना रविवार को उत्तर 24 परगना के नैहाटी नगरपालिका के 15 नंबर वार्ड स्थित बनर्जीपाड़ा रक्षाकालीतला इलाके में हुई। मृतक की पहचान प्रभात विश्वास (78) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उनकी 63 वर्षीय पत्नी लेखा विश्वास को नैहाटी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह घर के भीतर प्रभात विश्वास पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें घर से बरामद कर कल्याणी एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के पड़ोसी दिव्येंदु विश्वास के अनुसार, शनिवार रात परिवार के सदस्य एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौटे थे। रविवार सुबह घर से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी वहां पहुंचे तो प्रभात रक्तरंजित अवस्था में पड़े थे और उनकी पत्नी धारदार हथियार लेकर पास में बैठी थीं। पुलिस को सूचना देने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ की। आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसने पति की हत्या की बात स्वीकार की।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दंपती के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। प्रभात विश्वास शारीरिक रूप से अस्वस्थ थे। वह पहले गौरीपुर जूट मिल में काम करते थे। मिल बंद होने के बाद उन्हें नियमित काम नहीं मिला और कुछ समय से वह सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम कर रहे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति को लेकर भी दंपती के बीच विवाद होता था।
पुलिस ने आरोपित पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

