home page

नैहाटी में ऑनलाइन ठगी और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का भांडाफोड़, छ: हिरासत में

 | 
नैहाटी में ऑनलाइन ठगी और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी का भांडाफोड़, छ: हिरासत में


कोलकाता, 15 जुलाई (हि.स.)।

उत्तर 24 परगना के नैहाटी में ऑनलाइन ठगी और नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे ऐंठने के आरोप में पुलिस ने चार महिलाओं सहित छ: लोगों को हिरासत में लिया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले एक आरोपी फरार हो गया। घटना नैहाटी नगरपालिका के वार्ड संख्या 18 स्थित मानिक साधुखा लेन इलाके की है।

सूत्रों के अनुसार, विश्वजीत झा के किराए के मकान से पिछले कई दिनों से यह कथित ठगी का गिरोह संचालित हो रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर नैहाटी थाना पुलिस ने उक्त किराए के मकान पर छापेमारी की और हाजीनगर निवासी संजय वर्मा, हर्ष झा तथा चार महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और तीन एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन धोखाधड़ी और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का संबंध किसी बड़े अंतरराज्यीय या संगठित साइबर ठगी नेटवर्क से है या नहीं। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा