home page

उज्जैन में सडक़ पर बेसुध मिली नागपुर की महिला

 | 
उज्जैन में सडक़ पर बेसुध मिली नागपुर की महिला


उज्जैन, 04 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड पर बेसुध हालत में मिली एक महिला को पुलिस ने डायल 112 से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार महिला नशे की हालत में थी। शुक्रवार दोपहर होश में आने के बाद उसने अपना नाम सुनीता पति संजू अंजना निवासी नागपुर बताया। उसने पूछताछ में बताया कि कुछ लोगों ने उसे जबरदस्ती शराब पिलाई और उसके साथ मारपीट की है।

पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह देवास रोड क्षेत्र में एक महिला बेसुध हालत में मिली थी। थाने की एफआरवी उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची। अस्पताल में भर्ती करते वक्त महिला के कपड़े फटे हुए थे और वह नशे की हालत में थी। महिला ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे जबरदस्ती शराब पिलाई और उसके साथ मारपीट की। उसने बताया की नागपुर की रहने वाली है और अपने पति की तलाश में यहां तक आई थी। पुलिस ने जानकारी जुटाई तो सामने आया कि सुनीता पूर्व में एक युवक के साथ सिहोर में रहती थी। लेकिन उससे विवाद के बाद पिछले कुछ महीनों से संजू के साथ रह रही है। पुलिस उसके पति की तलाश कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल