home page

नागदा- चोरी के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपित गिरफ्तार, 28.40 रुपधे् का माल बरामद

 | 
नागदा- चोरी के दो अलग-अलग मामलों में तीन आरोपित गिरफ्तार, 28.40 रुपधे् का माल बरामद


नागदा, 18 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में नागदा थाना में पुलिस ने मगंलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की वारदातों का पर्दाफाश किया। मामले में तीन आरोपित को गिरफ्तार किया है, साथ ही उनके कब्जे से लगभग 7.20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 70 हजार रुपये नकद और 50 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 28.40 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया।

सीएसपी गौतम अहिरवार एवं थाना प्रभारी अमृतलाल गवली ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि नागदा शहर एवं ग्राम मोहना में अलग-अलग मकानों के ताले तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। वारदातों की रिपोर्ट पर थाना नागदा में अपराध क्रमांक 440/2025 एवं 334/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पड़ताल के आधार पर पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपितो में रतलाम सिंह पिता नाहर सिंह, जाति सिकलीगर, निवासी सिगनूर, जिला खरगोन; दीपक पिता समंदर सिंह उर्फ लुलिया भाटिया, जाति सिकलीगर, निवासी गंधवानी, जिला धार तथा शिवराज सिंह पिता हरपाल सिंह छाजड़ा, निवासी गंधवानी, जिला धार शामिल हैं।

ऐसे हुआ खुलासा

अपराध क्रमांक 334/2026 में आरोपित रतलाम सिंह से करीब 8.50 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं 70 हजार रुपए नकद, आरोपी दीपक से करीब 8.30 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा आरोपित शिवराज सिंह से करीब 8.40 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में शिवराज सिंह ने अपने साथी दीपक के साथ ग्राम मोहना में चोरी करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेण्डम के आधार पर दीपक को गिरफ्तार कर न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। अपराध क्रमांक 440/2025 में आरोपी शिवराज सिंह एवं दीपक से करीब 2 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों से अन्य वारदातों एवं चोरी की संपत्ति के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में विवेचना जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया