home page

नागदाः पुलिस ने 51 हजार से अधिक का जुआ पकड़ा,8 आरोपित गिरफ्तार

 | 
नागदाः पुलिस ने 51 हजार से अधिक का जुआ पकड़ा,8 आरोपित गिरफ्तार


नागदा, 29 मार्च (हिं.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में थाना बिरलाग्राम पुलिस ने रविवार शाम को अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 हजार 550 रुपये नगदी के साथ 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक रंजन और नगर पुलिस अधीक्षक नागदा विक्रम अहिरवार के मार्गदर्शन में बिरलाग्राम थाना प्रभारी उपनिरीक्षक जितेंद्र पाटीदार ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम झिरनिया स्थित एक खेत की झोपड़ी में जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और दबिश दी। यहां से 8 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 51,550 रुपए नगद और 52 ताश पत्ते जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपित

दशरथ (निवासी बेड़ावन्या), फिरोज (बागला), नगजी, भुरू, समंदर सिंह (पलसोड़ा), अहमद उर्फ पप्पू (पिपलिया मोलु), बने सिंह और लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र पाटीदार के नेतृत्व में सउनि भुरिया मोहरे, प्रधान आरक्षक गोपाल चावला सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया