नागदा में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई: 7 पेटी शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
नागदा, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के
उज्जैन जिले के नागदा क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बिरलाग्राम थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7 पेटी देशी शराब और एक मोटरसाइकिल सहित कुल 1.15 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को देहात भ्रमण के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उमरनी रेलवे फाटक के पास दो युवक संदिग्ध स्थिति में मोटरसाइकिल पर खड़े हैं और उनके पास झोलों व बोरे में शराब रखी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलराम यादव (25) निवासी ग्राम नावटिया और धर्मेंद्र (26) निवासी ग्राम उमरना के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 7 पेटी देशी प्लेन शराब (करीब 63 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 35 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (एमपी 13 इ एक्स 9355) भी जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि शराब उन्हें ग्राम बेडावनिया निवासी महेंद्र सिंह परिहार द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस ने उसे भी प्रकरण में शामिल कर गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया

