राजगढ़ः नगर परिषद में चोरी नाकाम, सीएमओ ने कर्मचारियों संग पिकअप का पीछा कर पकड़ा
राजगढ़, 02 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नगर परिषद सुठालिया परिसर से नीलामी के लिए सुरक्षित रखी गई लोहे की गाडर चोरी करने का प्रयास रविवार शाम नाकाम हो गया। सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती ने कर्मचारियों के साथ खुद पिकअप वाहन का पीछा कर उसे ब्यावरा नाका थाने के सामने पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद परिसर में जर्जर अस्पताल भवन को तोड़ने के बाद निकली लोहे की गाडर, सरिया और अन्य सामग्री को नीलामी के लिए सुरक्षित रखा गया था। रविवार शाम कर्मचारियों ने देखा कि एक पिकअप वाहन में सात लोहे की गाडर लादकर परिसर से बाहर ले जाई जा रही हैं। इसकी सूचना तत्काल सीएमओ वीरेंद्र चक्रवर्ती को दी गई। सूचना मिलते ही सीएमओ कर्मचारियों के साथ वाहन के पीछे निकल पड़े। कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पिकअप को ब्यावरा नाका थाने के सामने रोक लिया गया। पुलिस की मदद से चालक महेश गिरी को पकड़ लिया गया, जबकि नगर परिषद कर्मचारी विजय केवट उर्फ बने सिंह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन और उसमें लदी सात लोहे की गाडर जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि नगर परिषद परिसर से पहले भी डिस्मेंटल की गई सामग्री, सरिया, दरवाजे और पंखे चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन आरोपितों का पता नहीं चल सका था। अब पुलिस पुराने मामलों की भी जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कहीं इन वारदातों के पीछे भी यही गिरोह तो सक्रिय नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

