सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर यात्री की मौत, जांच शुरू
सीवान, 16 मई (हि.स.)। सीवान रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 02-03 पर शुक्रवार को एक रेल यात्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे प्रशासन, आरपीएफ एवं रेल पुलिस में हड़कंप मच गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृत यात्री की पहचान उसके पास से बरामद आधार कार्ड से अजय कसारी 44 वर्ष के रूप में हुई है जो पश्चिमी चंपारण जिले के ग्राम वीरंची नंबर-3, वार्ड नंबर-1 निवासी हरी भूषण कसारी का पुत्र था।
जानकारी के अनुसार आरपीएफ पोस्ट सीवान के पाली प्रभारी ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक अशोक कुमार सिंह एवं उनके स्टाफ ने प्लेटफार्म संख्या 02-03 पर एक व्यक्ति को मृतप्राय अवस्था में देखा। इसकी सूचना तत्काल ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर राजू शर्मा को दी गई। स्टेशन मास्टर द्वारा मेमो के माध्यम से संबंधित विभागों को सूचित किया गया।
सूचना मिलने के बाद सीनियर डीएमओ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच के बाद व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात रेल थाना सीवान के उप निरीक्षक रमेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। तलाशी के दौरान मृतक के पास से वास्कोडिगामा से नरकटियागंज तक का यात्रा टिकट संख्या यूओएच 64257332 , तथा एक आधार कार्ड बरामद हुआ। साधारण रेल टिकट 12 मई 2026 को खरीदा गया था। इसके बाद रेल थाना सीवान द्वारा सुबह शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए अपने साथ ले जाया गया।
घटना के कारण किसी भी ट्रेन के परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। प्रभारी निरीक्षक सीवान के आदेश पर मामले की जांच उप निरीक्षक जयंत कुमार मिश्रा, आरपीएफ सीवान द्वारा की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

