संदेहास्पद स्थिति में 30 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
सुपौल, 04 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र की कटैया पंचायत के वार्ड संख्या 08 में रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक 30 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
मृतका की पहचान कटैया निवासी लाल दास की पत्नी गीता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका जताई और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। पुलिस ने मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली।
बताया गया कि गीता देवी मूल रूप से सहरसा जिले के नवहट्टा थाना क्षेत्र के डुमड़ा गांव निवासी मंजीत तांती की पुत्री थीं। उनकी शादी कटैया निवासी लाल दास से हुई थी। उनके एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
परिजनों ने मौत की परिस्थितियों को संदिग्ध बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर करीब एक बजे महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष के अनुसार फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

