रायगंज में कॉलेज छात्रा की रहस्यमय मौत, पूर्व पति पर परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
उत्तर दिनाजपुर, 21 नवंबर (हि.स.)।रायगंज थाना क्षेत्र के कर्णजोड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत बोग्राम इलाके में मालदा की एक कॉलेज छात्रा की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत का मामला शनिवार को सामने आया है। मृतका की पहचान नूरताज बानू (20) के रूप में हुई है। वह मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के बालियाडांगा गांव की रहने वाली थी और स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार को युवती का शव बरामद किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले वह कालियाचक निवासी मोहम्मद सामेद अली के साथ घर छोड़कर चली गई थी। परिजनों का दावा है कि घर से निकलते समय वह करीब साढ़े छह लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गई थी। परिवार ने आरोप लगाया है कि उक्त रकम हड़पने के इरादे से उसे अपने साथ ले जाया गया था।
मृतका के भाई मोहम्मद साहिद अनवर के अनुसार, करीब एक साल पहले नूरताज का सामेद अली के साथ प्रेम संबंध के बाद विवाह हुआ था। हालांकि, तीन महीने बाद मेहर की रकम चुकाकर पंचायत की मध्यस्थता में दोनों का तलाक हो गया था। इसके बाद नूरताज घर से ही कॉलेज आना-जाना करती थी। हाल ही में वह नकदी के साथ अपने पूर्व पति के साथ फिर लापता हो गई थी। इस संबंध में कालियाचक थाने में गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
शुक्रवार को रायगंज पुलिस के माध्यम से परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली। अस्पताल पहुंचकर परिजनों ने शव की पहचान की। परिवार ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए रायगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायगंज पुलिस जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. सोनावाने कुलदीप सुरेश ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवती की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

