मुजफ्फरपुर में खूनी संघर्ष, पुलिस वाहन पर हमला, पांच गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर, 05 मार्च (हि.स.)। रंगों के पर्व होली के बीच शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। रामबाग स्थित नूनफर मोहल्ले में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी भीड़ ने हमला कर दिया और पुलिस वाहन का शीशा तोड़ दिया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नूनफर मोहल्ले में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और लाठी-डंडे चलने लगे। इससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर मिठनपुरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पुलिस ने मारपीट में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लेना शुरू किया, जिससे वहां मौजूद भीड़ उग्र हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पुलिस चार लोगों को हिरासत में लेकर वाहन में बैठा रही थी, तभी कुछ महिलाएं और युवक पुलिस से उलझ पड़े। इसी दौरान भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने लाठी-डंडों से पुलिस वाहन पर हमला कर दिया। वाहन के पिछले हिस्से का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। माहौल बिगड़ता देख पुलिस टीम हिरासत में लिए गए लोगों को लेकर थाने लौट गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच नोकझोंक और गहमागहमी देखी जा सकती है। नगर पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि आपसी रंजिश में झड़प की सूचना पर पुलिस टीम भेजी गई थी। मौके पर पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया गया और सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज कुमार

