मुजफ्फरपुर में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, दो राउंड फायरिंग कर शातिर उत्तम राय फरार
मुजफ्फरपुर, 13 अगस्त (हि.स.)।
जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां जजुआर थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर वांछित अपराधी उत्तम राय और उसके सहयोगियों ने ताबड़तोड़ दो राउंड फायरिंग की और मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
इस दुस्साहसिक घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि पुलिस को कुख्यात अपराधी उत्तम राय के जजुआर थाना क्षेत्र में छिपे होने की सटीक सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने चिन्हित ठिकाने पर छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही अपराधी उत्तम राय और उसके साथी ने हड़बड़ाहट में फायरिंग शुरू कर दी।
अपराधियों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए दो गोलियां चलाईं। आत्मरक्षार्थ और अपराधियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। हालांकि, इस फायरिंग के बीच अपराधी अपना सारा सामान छोड़कर बाइक पर सवार होकर अपने सहयोगी के साथ भागने में सफल रहे।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की छानबीन के दौरान पुलिस ने अपराधियों द्वारा छोड़े गए पांच जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक वाई-फाई राउटर बरामद किया है। इन सामानों को जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, फरार उत्तम राय एक शातिर और कुख्यात अपराधी है। उसके खिलाफ मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और दरभंगा सहित आसपास के कई जिलों में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे करीब एक दर्जन गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी।
घटना के बाद जजुआर के आस-पास के सभी इलाकों को सील कर दिया गया है। पुलिस जगह-जगह नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चला रही है। सिटी एसपी ने दावा किया है कि अपराधियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है और जल्द ही फरार उत्तम राय और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी

