नदी में मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, हत्या की आशंका
बालोतरा, 01 जुलाई (हि.स.)। जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में रतनपुरा पुलिया के पास लूणी नदी से बुधवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव नदी के बीच बबूल की झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर गुड़ामालानी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
सोशल मीडिया के माध्यम से शव मिलने की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान आमलियाला (वांकलनगर) निवासी 42 वर्षीय वेहनाराम पुत्र महादेवाराम के रूप में की।
परिजनों के अनुसार वेहनाराम करीब 20 दिन पहले सांचौर में एक टेंट हाउस में काम करने गया था। वह 26 जून की सुबह वहां से रवाना हुआ था। परिचितों ने उसी दिन दोपहर में उसके गुड़ामालानी पहुंचने की जानकारी दी थी, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से उसकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं मिला।
मृतक के चचेरे भाई आंबाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि अज्ञात लोगों ने वेहनाराम की हत्या कर सबूत मिटाने की नीयत से शव को लूणी नदी में फेंक दिया। उनका कहना है कि शव से दुर्गंध आ रही थी और वह दो-तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा था।
परिजनों ने बताया कि मृतक के सिर पर गहरी चोट थी तथा सिर और कान से निकला खून जम चुका था। शरीर पर कई जगह चोटों के निशान मिले, मुंह भी खून से लथपथ था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी आंखें फोड़ दी गई थीं।
गुड़ामालानी थानाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटा लिए हैं और अज्ञात आरोपिताें के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

