home page

मुस्तफाबाद के युवक की जीटीबी अस्पताल में मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

 | 

नई दिल्ली, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी 39 वर्षीय युवक की शुक्रवार को जीटीबी अस्पताल में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मारपीट कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस की शुरुआती जांच और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर मामला सड़क हादसे का लग रहा है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान दानिश (39) के रूप में हुई है। वह मुस्तफाबाद इलाके में परिवार के साथ रहते थे और सड़क पर फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और दो बेटे हैं। परिजनों के अनुसार, दानिश परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे।

दानिश के बड़े भाई ने आरोप लगाया कि 13 सितंबर को उनकी पत्नी ने फोन कर दानिश के घायल होने की जानकारी दी थी। इसके बाद परिजन उन्हें राजीव गांधी अस्पताल ले गए, जहां गंभीर हालत के चलते उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया। भाई का दावा है कि होश में आने के बाद दानिश ने बताया था कि कुछ युवकों ने उनकी पत्नी के खिलाफ अपशब्द कहे थे। विरोध करने पर युवकों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

वहीं, पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि दानिश का किसी व्यक्ति से विवाद हुआ था। इसके बाद वह स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंद नगरी इलाके में उनकी स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने भी बताया कि स्कूटी डिवाइडर से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। इसके बाद किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी थी।

पुलिस का कहना है कि डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट में दानिश के शरीर पर सड़क हादसे से संबंधित चोटों के निशान मिले हैं। हालांकि, परिजनों की ओर से लगाए गए मारपीट और हत्या के आरोपों को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सटीक कारण का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार