मुर्शिदाबाद में 7 एमएम पिस्तौल और कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद, 26 सितंबर (हि.स.)।
मुर्शिदाबाद थाना क्षेत्र के हुलासपुर उत्तर डांगापाड़ा इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाकर एक व्यक्ति को आग्नेयास्त्र और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से एक 7 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन राउंड कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान ताहिद शेख के रूप में हुई है। वह मुर्शिदाबाद थाना क्षेत्र के हुलासपुर उत्तर डांगापाड़ा इलाके का रहने वाला है। शुक्रवार शाम मुर्शिदाबाद थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान ताहिद शेख को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस बरामद हुए।
प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि ताहिद शेख हथियार को बेचने के उद्देश्य से अपने पास लेकर घूम रहा था। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को लालबाग महकमा अदालत में पेश किया और सात दिनों की पुलिस हिरासत की मांग की। अदालत ने रिमांड मंजूर कर उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार कहां से लाया गया था, इसे किसे बेचने की योजना थी और हथियारों के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं। मामले की जांच मुर्शिदाबाद थाना पुलिस कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

