पत्नी के साथ शराब पीने पर भांजे की हत्या के मामले में मामा समेत दाे गिरफ्तार
बांदा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा गांव में पत्नी के साथ शराब पीते हुए देखकर भांजे की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने आराेपित मामा समेत नामजद दाे आराेपिताें काे गिरफ्तार कर लिया है।
पैलानी थाना प्रभारी राम मोहन रॉय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में मृतक का सगा मामा जगन्नाथ उर्फ गेद्दू और ममेरा भाई राजा भइया उर्फ रज्जा शामिल हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है। दोनों आरोपितों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पैलानी डेरा गांव में 14 अक्टूबर की रात आलोक अपनी मामी के साथ बैठकर शराब पी रहा था। यह देखकर मामा जगन्नाथ आक्रोशित हो गया और पत्नी के साथ शराब पीने के मामले को लेकर भांजे से विवाद शुरु हुआ। मामला इतना बढ़ गया कि आलोक के मामा और ममेरे भाई ने कथित तौर पर उस पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक के पिता सूरज प्रसाद ने जगन्नाथ उर्फ गेद्दू और राजा भइया उर्फ रज्जा के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को सूचना पर पुलिस ने बांदा-सुमेरपुर मार्ग पर पैलानी डेरा से आगे दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

