home page

चैंबर में घुसकर वकील पर जानलेवा हमला

 | 
चैंबर में घुसकर वकील पर जानलेवा हमला


फर्रुखाबाद, 25 फरवरी (हि.स.)। जिले में बुधवार को कचहरी परिसर स्थित एक अधिवक्ता के चैंबर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिवक्ता ने थाना फतेहगढ़ में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल रणविजय सिंह का कहना है कि फतेहगढ़ सिविल लाइन के मोहल्ला न्यू बस्ती निवासी अधिवक्ता रोहिताश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 25 फरवरी को दोपहर 2:30 बजे अपने चैंबर में बैठकर कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आयुष गुप्ता नाम का युवक उनके चैंबर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा।

आरोप है कि युवक ने अधिवक्ता पर तमंचा तान दिया और मारपीट शुरू कर दी। शोर-शर्राबा सुनकर आसपास के अधिवक्ता मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उन्हें बचाया। बताया गया है कि घटना के कुछ देर बाद आरोपित के पिता भी मौके पर पहुंचे और कथित रूप से धमकी दी। पीड़ित अधिवक्ता का कहना है कि घटना से कचहरी परिसर के अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है तथा उन्हें भविष्य में भी जान-माल का खतरा बना हुआ है।

पीड़ित ने आरोपित आयुष गुप्ता व योगेश गुप्ता के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल रणविजय सिंह का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar