home page

सागर में वर्चस्व की जंग: युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव का माहौल

 | 
सागर में वर्चस्व की जंग: युवक की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव का माहौल


सागर, 22 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड स्थित गयादीन चौराहे पर गुरुवार देर रात एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात तकरीबन 11 बजे विवेकानंद वार्ड के गयादीन तिराहे के पास मयंक साहू और यश सोनी नाम के दो युवकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि यश सोनी ने 315 बोर का देशी कट्टा निकाला और मयंक पर बेहद नजदीक से फायर कर दिया। गोली मयंक के चेहरे पर नाक के पास (कनपटी की ओर) लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल मयंक को तुरंत भाग्योदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक मयंक साहू और आरोपी यश सोनी दोनों एक ही गली के रहने वाले थे। दोनों के बीच लंबे समय से इलाके में वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा था। आरोपी यश सोनी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में अड़ीबाजी, लूटपाट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड के तार एक साल पहले हुई एक अन्य हत्या से भी जुड़े हो सकते हैं। पिछले साल होली के दौरान गणेश घाट पर आरोपी यश सोनी के भाई जय सोनी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि कहीं यह वारदात उस पुरानी रंजिश का नतीजा तो नहीं है।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा और मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए हैं।

मृतक के परिजनों ने आज मोतीनगर पर चक्काजाम किया। अधिकारियों से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद चक्काजाम समाप्त किया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूछताछ के बाद ही हत्या के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे